अध्यक्षीय सन्देश
प्रिय मित्रों,
समय का पहिया घूमते घूमते पुनः उस बिंदु पर आ पहुंचा है जहां रोटरी की श्रेष्ठ परम्परा का अनुसरण करते हुए आप सब ने हमारे इस महान क्लब की अध्यक्षता की जिम्मेदारी मेरे कन्धों पर डाल दी है| इस उत्तरदायित्व पूर्ण पद पर स्वयं को पाकर जहां एक ओर मैं हार्दिक प्रसन्नता अनुभव कर रहा हूँ वहीं दूसरी ओर मन में यह विचार भी आता है कि जिस उत्तरदायित्व को मुझसे पहले अनेक वरिष्ठ साथी इतनी सफलता पूर्वक निभाते चले आये हैं, क्या मैं उस परम्परा को उतनी ही कुशलता के साथ निभा पाऊंगा ? पर फिर तुरंत ही एक भरोसा मन में जागता है कि रोटरी क्लब सहारनपुर कॉन्टिनेंटल जैसे क्लब में जहां सारे सदस्य परिवार एक खुशहाल संयुक्त परिवार की तरह से रहते चले आ रहे हों उसमे मुझे भला क्या कठिनाई आ सकती है | Advisory Board के रूप में रोटेरियन विवेक मनोचा, रोटेरियन ऋषि कपूर, रोटे. आर. के विज, रोटे. श्रवण मक्कड, रोटे. अनिल मदान का मार्ग दर्शन हमेशा उपलब्ध है, सचिव के रूप में रो. मदन लांबा और कोषाध्यक्ष के रूप में रो. जवाहर गोयल जैसे समर्पित रोटेरियन सहित जो टीम मुझे
मिली है, वह तो किसी भी बड़ी से बड़ी चुनौती का सामना करने में पूर्णतः समर्थ है। जिन्होंने जिम्मेदारी सौंपी है, वही ठीक रास्ता भी दिखायेंगे और सहयोग भी देंगे फिर भला असमंजस का क्या काम ?
मित्रों, हमारा क्लब अपनी स्थापना के वर्ष से ही स्वयं में एक विशिष्ट भूमिका का निर्वाह करता चला आ रहा है। हम खेल - खेल में बहुत अच्छे और समाज के लिये हितकारी कार्य करते चले जाने के अभ्यस्त हैं। रोटरी क्लब के सेवा के आदर्शों के अनुपालन में हमें जो आनन्द की अनुभूति होती है, वह यह अहसास होने ही नहीं देती कि हम कुछ भारी - भरकम काम कर रहे हैं। ऐसा लगता है कि चलो, समाज की कुछ सेवा भी हो गयी और आनन्द भी बहुत आया । जिस समाज ने हमें आज इस योग्य बनाया है कि हम अपने से कम सौभाग्यशाली लोगों की ओर सहायता का हाथ बढ़ा सकें, उस समाज का हित चिंतन करने में हमें अभिमान करने का तो कोई कारण ही नहीं है। सच तो यह है कि हमें सेवा का अवसर देकर समाज ने हमें अपने ऋण से उऋण होने का ही अवसर दिया है।
इस वर्ष के कार्यक्रमों की माहवार रूपरेखा रोटरी की परम्परानुसार हमारे सम्मुख है। आइये, कुछ नया, कुछ बेहतर कर डालें इस वर्ष भी । हमारा क्लब मंडल 3080 में एक विशेष सम्मान की दृष्टि से देखा जाता है। यह सम्मान आने वाले दिनों में और बढ़ता ही रहे, इस दिशा में हमें प्रयत्नशील होना है। हमारे प्रेरणास्रोत मंडलाध्यक्ष रो. मधुकर मल्होत्रा, पूर्व मंडलाध्यक्ष रो. चेतन अग्रवाल, मनोनीत मंडलाध्यक्ष रो. मनप्रीत सिंह जी तथा हमारे सहायक गवर्नर रो. विनोद बजाज व पूर्व सहायक गवर्नर रो. बलजीत सिंह चावला व अन्य अनेकानेक वरिष्ठ रोटेरियन का वरद् हस्त हमारे सिर पर है। आइये, इन सब से प्रेरणा लेते हुए हम स्वयं को पूरी क्षमता के साथ रोटरी के उदात्त उद्देश्यों की पूर्ति हेतु समर्पित कर दें।
आपका ही,
रो. मुकेश सेठ
अध्यक्ष (2010-11)